बेलसर/मुकुंदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बेलसर विकासखंड के ग्राम सभा मुकुंदपुर स्थित मां बाराही देवी मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 5100 दीपक जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में तरबगंज विधायक प्रतिनिधि विनोद पांडे, ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र प्रताप सिंह ‘गुड्डू सिंह’, एडीओ पंचायत रवि मिश्रा सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम को भव्य बनाया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि विनोद पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे नेता बहुत कम देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर देश के विकास को आगे बढ़ाने का कार्य किया है।
वहीं ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र प्रताप सिंह ‘गुड्डू सिंह’ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी एकता और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करते हैं।
मां बाराही देवी मंदिर परिसर में 5100 दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए और सभी ने मिलकर प्रधानमंत्री के जन्मदिन को यादगार बनाया।