
बाराबंकी/भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के मध्यांचल अध्यक्ष उत्कर्ष तिवारी के नेतृत्व में शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे किसान मसीहा स्वर्गीय बाबा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा स्थल पर दीपदान एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बाबा टिकैत के संघर्षों, किसान हितों के लिए किए गए आंदोलनों और उनके विचारों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने किसानों से एकजुट होकर उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। किसानों के अधिकार, सम्मान और संघर्ष को लेकर कई महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए गए।मध्यांचल महासचिव अनुज सिंह चौहान ने कहा कि यदि किसान एकजुट हो जाएं तो अन्याय की हर दीवार गिर सकती है।
उन्होंने कहा कि बाबा महेंद्र सिंह टिकैत ने किसानों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना सिखाया और अब वह समय दूर नहीं जब किसानों की लड़ाई निर्णायक रूप लेगी।मध्यांचल अध्यक्ष उत्कर्ष तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा टिकैत केवल एक नेता नहीं, बल्कि किसानों की सशक्त आवाज थे। उनका संघर्ष और त्याग आज भी किसान समाज को प्रेरणा देता है।
युवा जिला अध्यक्ष फैसल मलिक ने कहा कि किसानों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और बाबा टिकैत के विचार आज भी हर किसान के दिल में जीवित हैं।मध्यांचल सचिव मोहम्मद इस्माइल ने कहा कि बाबा टिकैत ने हमेशा गरीब, मजदूर और किसानों के हक की लड़ाई लड़ी और उनके बताए रास्ते पर चलकर ही किसान समाज मजबूत हो सकता है।
पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी अमित सोनी ने कहा कि जब तक किसानों को उनका पूरा अधिकार और सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की गई कि जनपद बाराबंकी की तहसील नवाबगंज में किसानों की समस्याओं को लेकर जल्द ही एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथि और समय शीघ्र घोषित किया जाएगा।