
बाराबंकी। जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राजापुरवा में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही दबंग युवक ने पुरानी रंजिश और शराब के नशे में रामदेव के पुत्र के ऊपर गाड़ी चढ़ाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक घायल की स्थिति बेहद नाजुक होने के कारण उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे में युवक के पैर की हड्डी पूरी तरह टूट गई है। पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और इलाज का खर्च उठाना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना 3 मई की है और पूरे एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद रामनगर पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। परिवार लगातार थाने और अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही।
परिजनों ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक बाराबंकी से भी की गई थी। एसपी द्वारा कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। आरोप है कि दबंग आरोपी “लल्लू पुत्र मन्नू” घूम रहा है और पुलिस भी उसके खिलाफ कार्रवाई करने से बच रही है।
पीड़ित परिवार का सवाल — आखिर कब मिलेगी न्याय?
एक तरफ घायल युवक जिंदगी और दर्द से जूझ रहा है, वहीं दूसरी तरफ परिवार पुलिस कार्रवाई के इंतजार में दर-दर भटकने को मजबूर है। अब देखना होगा कि बाराबंकी पुलिस इस मामले में कब तक कार्रवाई करती है।