नोएडा। फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन, सेक्टर-70 के विशेष (दिव्यांग) बच्चों ने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री बीएल वर्मा के जन्मदिन को यादगार बना दिया। शुक्रवार को बच्चों ने उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और अपने हाथों से तैयार किए गए उपहार भेंट किए।
बच्चों ने मंत्री को लिप-पेन आर्ट, हस्तनिर्मित फूल, हैंडवॉश और फाउंडेशन की विशेष मैगजीन भेंट की। बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास से मंत्री बेहद प्रभावित हुए। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक, फाउंडेशन की टीम और डॉ. महिपाल सिंह भी मौजूद रहे।
फाउंडेशन की ओर से डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का समर्पण प्रेरणादायी है। उनके मार्गदर्शन से संस्था को सेवा कार्यों में नई दिशा और ऊर्जा मिलती है।
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने सभी बच्चों को स्नेहपूर्वक गले लगाया, उनका उत्साह बढ़ाया और कहा कि ऐसे प्रयास समाज को अधिक संवेदनशील एवं समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की मेहनत, लगन और रचनात्मकता सराहनीय है तथा उनका उज्ज्वल भविष्य देश के लिए प्रेरणा बनेगा।
इस अवसर पर मंत्री ने बच्चों को अपने आवास पर समय दिया, उनके साथ आत्मीय बातचीत की और सभी के साथ भोजन भी किया। कार्यक्रम के दौरान भावनात्मक और आत्मीय माहौल देखने को मिला। बच्चों और उनके अभिभावकों ने इस मुलाकात को जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया।