तरबगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन, समर्पण एवं गरीब कल्याण के 25 वर्षों की यात्रा के उपलक्ष्य में चल रहे “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत फिट इंडिया मूवमेंट के तहत किसान बालिका इंटर कॉलेज, थाना मोड़ तरबगंज में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय ने बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 1600 मीटर दौड़, खो-खो, कबड्डी, लंबी कूद सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। विधायक ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय ने कहा कि खेल केवल शारीरिक शक्ति का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और मानसिक दृढ़ता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला मंत्री अजय सिंह पिंटू, चेयरमैन तरबगंज कमलेश पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष आशीष दुबे, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्रीनारायण पाण्डेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष के.सी. सिंह, आईटी सेल से शिवम सिंह राजा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।