करनैलगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पसका स्थित पवित्र सरयू घाट पर करनैलगंज विधायक अजय सिंह ने ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की मंगलकामना की।
पवित्र सरयू तट पर दीप प्रज्वलित करते हुए विधायक अजय सिंह ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ देश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर अवध क्षेत्र के उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, जिला महामंत्री विष्णु प्रताप नारायण सिंह, सरयू मंडल अध्यक्ष हरिओम ओझा, पूर्व मंडल अध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह, सम्मानित प्रधानगण सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पसका की पावन धरती पर जलाया गया दीपक सेवा, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और जनकल्याण के संकल्प का प्रतीक बना। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में देश की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की मंगलकामना की गई।