बाराबंकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला अस्पताल बाराबंकी में रक्तदान शिविर एवं फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने किया। उन्होंने रक्तदान शिविर का उद्घाटन करने के साथ अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरित किए।
राज्यमंत्री ने कहा कि सेवा समाज के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सामूहिक दायित्व का प्रतीक है। जरूरतमंदों की सहायता करना ही जनसेवा का मूल उद्देश्य है। उन्होंने रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता का आह्वान किया, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज में सेवा और करुणा की भावना को मजबूत करने के साथ जनभागीदारी से विकसित भारत-2047 के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, एमएलसी इंजी. अवनीश सिंह, एमएलसी अंगद सिंह, विधायक दिनेश रावत, जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत, सीएमओ डॉ. रंजन गौतम, भाजपा क्षेत्रीय मंत्री पूजा मिश्रा, जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।