जलभराव वाले संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दिए जरूरी दिशा-निर्देश
नोएडा। भारी बारिश के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी लगातार सड़कों पर मुस्तैद रहे। आम नागरिकों को बारिश के कारण किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्राधिकरण की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।
नोएडा प्राधिकरण के सिविल विभाग के जीएम ए.के. अरोड़ा ने अपनी टीम के साथ फेस-2 के विभिन्न क्षेत्रों, मार्गों और औद्योगिक इलाकों का निरीक्षण किया। भारी बारिश के चलते जिन स्थानों पर जलभराव की अधिक संभावना थी, वहां अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती कर जल निकासी के इंतजामों को मजबूत किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल कार्रवाई करने और पानी की निकासी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। प्राधिकरण की टीम बारिश के बीच लगातार सक्रिय रही, ताकि सड़कों पर यातायात प्रभावित न हो और आम लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
अधिकारियों के मुताबिक, बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार कर्मचारियों एवं संसाधनों को मौके पर भेजा जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ का स्पष्ट निर्देश है कि भारी बारिश के दौरान शहरवासियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो और जल निकासी व्यवस्था को लेकर अधिकारी पूरी तरह सतर्क रहें।