नोएडा। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नोएडा में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नोएडा प्राधिकरण पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बारिश के दौरान शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्राधिकरण के अधिकारियों ने खुद सड़क पर उतरकर विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने सेक्टर-33, सेक्टर-34, गिझोड़ सहित जलभराव की आशंका वाले कई स्थानों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान नालों, ड्रेनेज प्वाइंट और जल निकासी व्यवस्था की स्थिति को देखा गया। जिन स्थानों पर पानी जमा होने की संभावना अधिक थी, वहां तत्काल अतिरिक्त कर्मचारियों और संसाधनों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए।
बारिश के बीच अधिकारियों की टीम ने ग्राउंड जीरो पर रहकर जल निकासी कार्यों की निगरानी की। संबंधित विभागों के कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि कहीं भी पानी जमा होने की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। नागरिकों ने बारिश के बीच अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और तत्काल कार्रवाई शुरू कराने की सराहना की।
प्राधिकरण की ओर से लगातार संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा रही है, ताकि भारी बारिश के दौरान लोगों को जलभराव और यातायात संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों का कहना है कि मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
नोएडा प्राधिकरण का यह ग्राउंड जीरो अभियान साफ संकेत दे रहा है कि भारी बारिश के बीच शहर में जलभराव की स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ जुटे हुए हैं।