जनपद में कलेक्ट्रेट सहित सभी शासकीय भवनों में ध्वजारोहण, स्वच्छता शपथ एवं गोष्ठी का हुआ आयोजन
बाराबंकी, 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद लोक सभागार में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, त्याग, सेवा एवं राष्ट्रसमर्पण की प्रेरणा देता है। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, वहीं शास्त्री जी ने अपनी सादगी एवं कर्तव्यनिष्ठा से सार्वजनिक जीवन में आदर्श स्थापित किए। ‘जय जवान-जय किसान’ का उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए उनके उत्थान के लिए कार्य करना ही दोनों महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसीप्रकार सीडीओ श्री पंकज वर्मा द्वारा विकास भवन में ध्वजा रोहण कर आयोजित गोष्टी में गाँधी जी व शास्त्री जी के जीवन वृत पर प्रकाश डाला गया। साथ ही गांधी जयंती पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित हुए। जेबा पार्क में बच्चों की 5 किलोमीटर पैदल तेज चाल प्रतियोगिता, गांधी उद्यान, रसूलपुर एवं गन्ना संस्थान में माल्यार्पण, गांधी भवन देवा रोड पर स्वच्छता कार्यक्रम, कुष्ठ रोगियों को फल एवं मिष्ठान वितरण, गांधी नगर मलिन कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनपद के सभी शासकीय भवनों में भी ध्वजारोहण व गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर एडीएम (वित्त एवं राजस्व) श्री निरंकार सिंह, एडीएम (न्यायिक) सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।