
नोएडा, संवाददाता।भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में गुरुवार को नोएडा में भव्य बाइक रैली का सफल आयोजन किया गया। रैली नोएडा स्टेडियम गेट नंबर 4 से शुरू होकर सेक्टर-18 तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस बाइक रैली कार्यक्रम के संयोजक विपुल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रैली का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जनसमर्थन जुटाना रहा। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने नारी सशक्तिकरण के समर्थन में संदेश दिए और लोगों को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे महिला सशक्तिकरण अभियान की कड़ी के रूप में आयोजित किया गया। आयोजन के दौरान नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने कहा कि यह रैली महिलाओं को उनके अधिकारों और सशक्त भूमिका के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी।
आपको बता दें कि इस रैली का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने किया। जिला स्तर पर समन्वय महेश अवाना और प्रज्ञा पाठक द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम संयोजक विपुल शर्मा ने व्यवस्थाओं का संचालन संभाला।आयोजकों ने बताया कि रैली शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई और इसमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने इसे विशेष रूप से प्रभावी बनाया।
कार्यक्रम में पहुंची नोएडा की पूर्व विधायक का विमला बाथम ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाएं आत्मनिर्भर बनी है। आने वाले समय में देश और प्रदेश के महिलाओं के राजनीति में बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी।