
गौतम बुद्ध नगर।जिले में औद्योगिक असामंजस्य की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसका उद्देश्य श्रमिकों और उद्योग प्रबंधन के बीच उत्पन्न विवादों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह समिति जिले में चल रहे विभिन्न औद्योगिक विवादों की गहन समीक्षा कर रही है। समिति द्वारा श्रमिक संगठनों, फैक्ट्री प्रबंधन और अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। बहुचरणीय बैठकों के माध्यम से सभी पक्षों की समस्याओं और मांगों को विस्तार से सुना जा रहा है, ताकि स्थायी समाधान निकाला जा सके।
प्रशासन का कहना है कि समिति प्राथमिकता के आधार पर विवादों को सुलझाने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत श्रमिकों की वेतन, कार्य परिस्थितियों और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही, उद्योगों के संचालन में आ रही बाधाओं को भी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उत्पादन और रोजगार दोनों प्रभावित न हों।
प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि श्रमिकों के हितों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समिति द्वारा की जा रही निगरानी और संवाद प्रक्रिया से उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही जिले में औद्योगिक माहौल सामान्य होगा।प्रशासन ने सभी पक्षों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि बातचीत के माध्यम से ही समाधान संभव है और किसी भी प्रकार के विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाना ही सभी के हित में है।