किसानों, व्यापारियों और आमजन को योजनाओं की दी गई जानकारी, ई-नाम मंडी पोर्टल सहित कई योजनाओं का किया गया प्रचार-प्रसार
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित “यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026” में राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, उत्तर प्रदेश लखनऊ की ओर से मंडी परिषद की स्टॉल लगाई गई। मंडी परिषद ने हॉल नंबर-12 में अपनी स्टॉल के माध्यम से किसानों, व्यापारियों, निर्यातकों और आमजन को विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान नोडल मंडी के रूप में मंडी समिति, नोएडा द्वारा मंडी परिषद की स्टॉल का संचालन एवं व्यवस्थाएं की गईं। ट्रेड शो में आने वाले लोगों को मंडी परिषद की विभिन्न योजनाओं और डिजिटल सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई गई।
मंडी परिषद की स्टॉल का उद्घाटन 25 सितंबर 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह द्वारा किया गया। इसके बाद देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए किसानों, व्यापारियों, निर्यातकों तथा आम लोगों ने मंडी परिषद की स्टॉल का भ्रमण किया और विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
स्टॉल पर मंडी परिषद द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इनमें मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना, मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना और मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा इन योजनाओं की पात्रता, लाभ और प्रक्रिया के संबंध में आगंतुकों को जानकारी दी गई।
इसके साथ ही ई-मंडी एवं ई-नाम मंडी पोर्टल के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। डिजिटल माध्यम से मंडी सेवाओं को उपलब्ध कराने और किसानों एवं व्यापारियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी स्टॉल पर साझा की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने मंडी परिषद की स्टॉल का भ्रमण कर योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
केंद्रीय मंत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों ने किया स्टॉल का निरीक्षण
29 सितंबर 2026 को मंडी परिषद की स्टॉल का भ्रमण केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित अन्य प्रमुख अतिथियों ने किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री के साथ सूर्यप्रताप शाही, कृषि मंत्री, उत्तर प्रदेश तथा भूपेंद्र सिंह, मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी मंडी परिषद की स्टॉल का निरीक्षण किया गया।
अतिथियों ने मंडी परिषद की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। अधिकारियों द्वारा मंडी परिषद के कार्यों, किसान हित में संचालित योजनाओं तथा ई-मंडी एवं ई-नाम जैसी डिजिटल व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
मंडी परिषद की स्टॉल को मिला प्रथम पुरस्कार
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में मंडी परिषद द्वारा हॉल नंबर-12 में लगाई गई स्टॉल को वेस्ट डिस्पले का प्रथम पुरस्कार भी प्राप्त हुआ। मंडी परिषद की स्टॉल की प्रस्तुति, प्रदर्शनी और योजनाओं की जानकारी को देखते हुए आयोजकों की ओर से प्रथम पुरस्कार शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंडी परिषद की इस उपलब्धि को विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। ट्रेड शो के माध्यम से मंडी परिषद ने जहां किसानों और व्यापारियों को अपनी योजनाओं की जानकारी दी, वहीं डिजिटल मंडी सेवाओं और किसान कल्याणकारी योजनाओं के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।