नोएडा। भारतीय किसान यूनियन भानु के कार्यकर्ताओं ने कथित ठगी और धमकी के मामले में गार्डन गैलेरिया मॉल स्थित टीपी टकीला बार-रेस्टोरेंट के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यूनियन का आरोप है कि उसके कार्यकर्ता से व्यापार में निवेश के नाम पर करीब 70 लाख रुपये लिए गए, लेकिन बाद में रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर धमकी दी गई।
यूनियन के जिला अध्यक्ष राजकुमार नागर के अनुसार, राहुल सिंह और उनकी पत्नी खुशी सिंह ने टीपी टकीला बार-रेस्टोरेंट में निवेश करने पर 10 प्रतिशत लाभ देने की बात कही थी। आरोप है कि इसके बाद विभिन्न खातों में RTGS के माध्यम से करीब 70 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। यूनियन का दावा है कि निवेश के संबंध में दिया गया प्रमाण पत्र भी संदिग्ध था और उसमें संबंधित बार-रेस्टोरेंट का नाम दर्ज नहीं था।
शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि जब निवेश की रकम वापस मांगी गई तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मरवाने की धमकी दी गई। मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और मुकदमा भी पंजीकृत होने की बात कही गई है।
इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानु के कार्यकर्ता गार्डन गैलेरिया मॉल में धरने पर बैठे हैं। यूनियन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, मामले की निष्पक्ष जांच और कथित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
धरना स्थल पर यूनियन कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। यूनियन नेताओं का कहना है कि जब तक उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।