नोएडा। नवरात्रि के अवसर पर संस्कृति, परंपरा और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा। नोएडा में ‘डांडिया धमाल 2026’ का आयोजन 16 से 18 अक्टूबर तक किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब, सेक्टर-29 में प्रेसवार्ता आयोजित कर आयोजकों ने तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी साझा की।
आयोजकों के मुताबिक, तीन दिवसीय यह आयोजन इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, सेक्टर-62, नोएडा में होगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रत्येक दिन शाम 7 बजे से होगी, जबकि दर्शकों के लिए प्रवेश शाम 6 बजे से रखा गया है। आयोजकों को प्रतिदिन करीब 1000 से 1500 लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
लाइव डांडिया और गरबा बनेगा आकर्षण
‘डांडिया धमाल 2026’ पारंपरिक नवरात्रि डांडिया और गरबा की थीम पर आधारित होगा। लाइव डांडिया और गरबा नाइट के साथ संगीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का हिस्सा होंगी। आयोजन का उद्देश्य लोगों को भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ परिवार और युवाओं के लिए मनोरंजन का मंच उपलब्ध कराना है।
17 अक्टूबर को सपना चौधरी की प्रस्तुति
आयोजकों ने बताया कि 17 अक्टूबर 2026 को प्रसिद्ध कलाकार सपना चौधरी की विशेष लाइव प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगी। इस प्रस्तुति को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह की उम्मीद जताई गई है।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर फोकस
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार प्रवेश व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के साथ कार्यक्रम स्थल पर महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारु रूप से आयोजित करने के लिए संबंधित प्रशासन और पुलिस विभाग का सहयोग लिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार ‘डांस, डिवोशन और कम्युनिटी’ की भावना के साथ आयोजित यह कार्यक्रम नवरात्रि की परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक स्वरूप में लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है।