बाराबंकी/फीडर क्षेत्र में गिरे दो विद्युत पोल नहीं हुए दुरुस्त, ग्रामीणों में रोष
बाराबंकी। देवीय आपदा के चलते क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को दुरुस्त कर निर्धारित समय में विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन बाराबंकी के मसौली क्षेत्र में इन निर्देशों के बावजूद कई गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने का मामला सामने आया है।
मामला रामनगर खंड के उपखंड मसौली क्षेत्र अंतर्गत सैदनपुर फीडर का है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले आठ दिनों से हमीनपुर, जमलापुर, दरियावगंज, डेहुवा, खिदरापुर, गद्दीनपुरवा और कैरातीन पुरवा समेत आसपास के गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित है।
बताया जा रहा है कि नहर के पास हमीनपुर स्थित सरकारी विद्यालय के समीप विद्युत लाइन के दो पोल गिर गए हैं। पोल गिरने के बाद से इन गांवों की बिजली व्यवस्था प्रभावित है। ग्रामीणों का कहना है कि सैदनपुर कस्बे में तो विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन आबादी से बाहर स्थित गांवों की समस्या का अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक समस्या की जानकारी विद्युत विभाग को कई बार दी गई। 1912 पर भी कई शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन शिकायतों के बावजूद मौके पर प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखाई दी।
लगातार आठ दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में अंधेरा छाया हुआ है और मोबाइल नेटवर्क की समस्या के चलते संचार व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। रात के समय ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी समस्या के स्थायी समाधान के बजाय केवल खानापूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मौके पर टीम भेजकर गिरे हुए दोनों विद्युत पोलों को जल्द दुरुस्त कराने और सभी प्रभावित गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि विभाग कब तक विद्युत पोलों को दुरुस्त कर इन गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल करता है और ग्रामीणों को अंधेरे से राहत मिलती है।