
दादरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ऊंचा अमीरपुर, खंगोड़ा एवं महाराजगढ़ी के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज इन ग्रामों को दादरी खंड के प्यावली उपकेन्द्र से जोड़ने के कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस परियोजना का शुभारंभ माननीय विधायक श्री तेजपाल सिंह नागर द्वारा किया गया। अब तक ये गांव उपकेंद्र मसूरी (जनपद हापुड़) से विद्युत आपूर्ति प्राप्त कर रहे थे, जिससे कई बार बाधाएं उत्पन्न होती थीं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
विधायक श्री नागर ने इस अवसर पर कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और सुचारु होगी। साथ ही लाइन लॉस में कमी आएगी और किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में त्वरित समाधान संभव हो सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल क्षेत्रीय विकास को नई गति देगी और आम जनता को बिजली संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ग्राम ऊंचा अमीरपुर से खंगोड़ा तक लगभग 3.5 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइन का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य को 45 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसकी अनुमानित लागत ₹121 लाख है।कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।