परसपुर, गोण्डा। बढ़ती महंगाई को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आम जनता की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से आज परसपुर में समाजवादी पार्टी द्वारा विशाल पैदल मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह पैदल मार्च आज शाम 4 बजे परसपुर आटा से शुरू होकर राज पैलेस तक निकाला जाएगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म नजर आ रहा है। सपा कार्यकर्ता गांव-गांव और बाजारों में लोगों से संपर्क कर उन्हें मार्च में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। समाजवादी पार्टी नेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य पदार्थों और दैनिक जरूरतों की वस्तुओं के बढ़ते दामों से हर वर्ग प्रभावित है। गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग के सामने रोजमर्रा का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानियों को लेकर सपा सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। इसी कड़ी में आज का यह पैदल मार्च जनता के हक और अधिकार की लड़ाई का प्रतीक बनेगा। सपा नेताओं ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि यह मार्च सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आम जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है।