
नोएडा। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें 29 आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न नागरिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने नोएडा पुलिस की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। पदाधिकारियों का कहना था कि लंबे समय से आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और पुलिस विभाग के बीच कोई नियमित बैठक नहीं हो रही है। साथ ही, चौकी इंचार्ज, एसएचओ तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से बार-बार संपर्क करने के बावजूद समस्याओं पर अपेक्षित और समयबद्ध कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
विशेष रूप से यह चिंता जताई गई कि नए डीसीपी के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति में गिरावट आई है, जिससे स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।
फोनरवा के पदाधिकारियों ने संबंधित उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस व्यवस्था को मजबूत किया जाए और नागरिक समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि जल्द ही फोनरवा का एक प्रतिनिधिमंडल गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करेगा।
महासचिव के के जैन ने जानकारी दी कि बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी शामिल हुए।
उपस्थित प्रमुख सदस्य:
अशोक मिश्रा, एडवोकेट लाटसाहब लोहिया, संजय चौहान, श्याम सिंह यादव, अशोक शर्मा, विनोद शर्मा, देवेंद्र कुमार, जी एस सचदेवा, कोशिंदर यादव, सुशील यादव, भूषण शर्मा, अनिल त्यागी, आर के सिंह, जेन्टर सिंह, राजीव चौधरी, राम लखन चौधरी, सुभाष भाटी, टी सी गौड, सुनील बाधवा, रामपाल भाटी, राघवेंद्र दुबे, अमित चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।