यूपी कोऑपरेटिव बैंक की बड़गांव शाखा में सामने आए करीब 21 करोड़ रुपये के बहुचर्चित बैंक घोटाले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगर कोतवाली पुलिस ने इस घोटाले के मुख्य आरोपी और तत्कालीन शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को इस पूरे फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने बैंक के कुछ कर्मचारियों और खाताधारकों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह बनाया था। इस गिरोह ने बैंक की नीतियों के साथ-साथ आरबीआई और नाबार्ड के दिशा-निर्देशों की खुलेआम अनदेखी करते हुए नियमविरुद्ध तरीके से लोन पास किए। बिना पात्रता और जरूरी दस्तावेजों के फर्जी लोन बांटे गए, जिनका सीधा फायदा आरोपी और उसके करीबियों को मिला।

जांच के मुताबिक, फर्जी दस्तावेजों के जरिए 205 खातों और बैंक के पांच आंतरिक खातों से करीब 21.47 करोड़ रुपये की धनराशि का दुरुपयोग किया गया। इनमें से आंतरिक खातों से लाखों रुपये की रकम सीधे गबन कर ली गई।
घोटाले के सामने आने के बाद से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मनकापुर बस स्टॉप के पास से गिरफ्तार किया। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस मामले में कुल 16 लोगों के खिलाफ केस दर्ज है। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।