बाराबंकी के थाना सफदरगंज पुलिस ने फर्जी पत्रकार बनकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार, पांच मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़ा पत्रकार बताकर गौशालाओं और पशुपालकों को निशाना बनाते थे। ये लोग पशु तस्करी की झूठी खबरें तैयार कर वीडियो बनाते और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम की वसूली करते थे।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का मकसद डर का माहौल बनाकर पैसे ऐंठना था। कई पीड़ितों से लगातार वसूली की जा रही थी, लेकिन बदनामी के डर से लोग शिकायत नहीं कर पा रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर सभी आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी बेहद गंभीर है। पुलिस के अनुसार, दो आरोपी पहले से ही गैंगस्टर एक्ट में नामजद हैं, जबकि एक अभियुक्त शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
बाराबंकी पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि फर्जी पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि कोई भी व्यक्ति खुद को पत्रकार बताकर धमकी दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।