नवाबगंज (गोण्डा)।पंडित सिंह जी मेमोरियल हॉस्पिटल, नवाबगंज गोण्डा में आयोजित निशुल्क सर्जिकल कैंप में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में लगभग 800 मरीजों ने सहभागिता की। यह सर्जिकल कैंप पूर्व मंत्री स्वर्गीय पंडित सिंह जी की जन्म जयंती की श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित किया गया है।
आज भी दिलों में ज़िंदा हैं पंडित सिंह जी – सूरज सिंह
कैंप के आयोजक सूरज सिंह ने कहा कि यह आयोजन पूरी तरह जनसेवा को समर्पित है। उन्होंने कहा कि “मेरे पिता स्वर्गीय पंडित सिंह जी आजीवन समाज और जनसेवा में समर्पित रहे। उन्हीं की प्रेरणा से इस सर्जिकल कैंप का आयोजन किया गया है, ताकि ज़रूरतमंद लोगों को बेहतर और निशुल्क इलाज मिल सके।”
इस सर्जिकल कैंप में ऑपरेशन, भर्ती, ओपीडी, दवाइयां सहित सभी सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं। यह व्यवस्था स्वर्गीय पंडित सिंह जी की जन्म जयंती को समर्पित है।
कैंप में वरिष्ठ सर्जन डॉ. अभिजात कुमार (एम.एस.) द्वारा पहले दिन 20 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया। इनमें राजकुमार, भगवान प्रसाद, द्वारिका, राजाराम, कल्याण सहित कई मरीजों के हर्निया के ऑपरेशन तथा दुर्गा कल्पनाथ, विंध्याचल, रामराज और सलमान के पित्त की थैली में पथरी के ऑपरेशन शामिल रहे।
अस्पताल के व्यवस्थापक डॉ. देवांश सिंह ने बताया कि इस कैंप के माध्यम से 600 से अधिक मरीजों का ऑपरेशन कर इलाज करने का लक्ष्य रखा गया है। मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए डॉक्टरों और स्टाफ की ड्यूटी को 8-8 घंटे की शिफ्ट में बांटा गया है। पहले चरण में पित्त की थैली की पथरी, हर्निया और हाइड्रोसील के ऑपरेशन किए जा रहे हैं।
डॉ. दिव्या सिंह ने महिला मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं। वहीं डॉ. अभिषेक सिंह ने बताया कि मरीजों के पंजीकरण का आज अंतिम दिन है, जो रात्रि 8 बजे तक जारी रहेगा।
24 घंटे इमरजेंसी सेवाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. आदर्श ने कैंप की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए समस्त स्टाफ से सहयोग की अपील की।
निशुल्क सर्जिकल कैंप में उमड़ी यह भीड़ स्वर्गीय पंडित सिंह जी की जनसेवा की विरासत और लोगों के दिलों में उनके प्रति सम्मान को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
