गोंडा परसपुर मिझौरा क्षेत्र में खेलों को नई दिशा देने की पहल के तहत अवध रामदूत कबड्डी इंडोर अकादमी का बुधवार को चन्द्रशेखर आज़ाद महाविद्यालय परिसर, मिझौरा परसपुर में भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में भारी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और क्षेत्रवासी शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेता विरोधी दल श्री माता प्रसाद पांडेय ने फीता काटकर अकादमी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कबड्डी ग्रामीण संस्कृति की आत्मा है और इंडोर अकादमी की स्थापना युवाओं की प्रतिभा को नई ऊंचाई देगी। अकादमी के प्रबंधक एवं प्रदेश सचिव समाजवादी पार्टी दिग्विजय सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बल्कि बेहतर मंच की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि इस इंडोर अकादमी में खिलाड़ियों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ नियमित प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चमकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही यहां विशेष प्रशिक्षण शिविर, प्रतियोगिताएं और प्रतिभा चयन कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इंडोर अकादमी
अकादमी में अंतरराष्ट्रीय मानकों के कबड्डी मैट, फिटनेस ज़ोन, तकनीकी प्रशिक्षण क्षेत्र और इनडोर प्रैक्टिस एरिया तैयार किया गया है। खिलाड़ियों ने इसे गोंडा जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।उद्घाटन कार्यक्रम में पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, सपा नेता सूरज सिंह, सपा नेता मनोज चौबे, पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
दिग्विजय सिंह की टीम का सराहनीय योगदान
अकादमी के निर्माण में दिग्विजय सिंह की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूरज सिंह (परसपुर जिला पंचायत प्रत्याशी द्वितीय), गौरव सिंह, शिव सिंह, राजन सिंह, अभिषेक सिंह, जितेंद्र सिंह सहित टीम के सदस्यों ने शुरुआत से लेकर उद्घाटन तक पूरी निष्ठा के साथ सहयोग प्रदान किया। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया।
खेलों को बढ़ावा देने का संकल्प
दिग्विजय सिंह ने कहा कि कबड्डी युवा ऊर्जा और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो प्रदेश में जिला-स्तरीय कबड्डी केंद्र और राज्य स्तरीय कबड्डी लीग की शुरुआत की जाएगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह इंडोर अकादमी आने वाले समय में गोंडा समेत पूरे प्रदेश की प्रतिभाओं को नई पहचान देगी।