
बेलसर (गोंडा)।
जगदंबा शरण सिंह एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, बेलसर गोंडा के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में स्वयंसेवकों का विशेष शिविर प्राथमिक विद्यालय पूरे रघुबर शुक्ला में 8 मार्च से 14 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष अमित सिंह उर्फ गोलू सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। कार्यक्रम में आनंद पांडे, नीलम पांडे व संजय शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना, स्वागत गीत व लक्ष्य गीत के साथ हुई। मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महाराजा देवी बक्स सिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने मतदान के महत्व और उसके सही उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए युवाओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया।
शिविर स्थल विद्यालय के प्रधानाध्यापक एस.एन. पांडे ने छात्रों को स्वास्थ्य, शिक्षा व यातायात जैसे मुद्दों पर ग्रामीणों को जागरूक करने की सलाह दी। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गीता रानी यादव ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। महाविद्यालय प्रभारी डॉ. अनुराग सिंह ने कहा कि विशेष शिविर में समूह में रहकर कार्य करने से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। सभा सदस्य नीलम पांडे ने भी अपने विचार रखे।
इसके बाद स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत शिविर स्थल विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की गई और चयनित ग्राम में जागरूकता कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। अंत में कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती नीतू सिंह ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सैन्य विज्ञान के प्रवक्ता डॉ. आनंद सिंह, भूगोल के प्रवक्ता आशीष शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।