नोएडा। सेक्टर-144 में आरडब्ल्यूए (रिहायशी वेलफेयर एसोसिएशन) चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, प्रत्याशियों ने प्रचार में तेजी ला दी है। अनिल चौहान पैनल ने भी अपने समर्थन में वोट मांगने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
अनिल चौहान ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि अगर उन्हें सेक्टरवासियों का आशीर्वाद मिला, तो सेक्टर-144 में विकास की एक नई मिसाल कायम की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने पहले भी इस सेक्टर के विकास में अहम भूमिका निभाई है और भविष्य में भी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सबसे अहम मुद्दा बताया और कहा कि गेट पर सीसीटीवी कैमरे लगवाना, सेक्टर में एक सुंदर मंदिर का निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
अनिल चौहान ने भरोसा दिलाया कि अगर उनके पैनल को मौका मिला, तो सेक्टरवासियों को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर वातावरण देने के लिए उनकी टीम दिन-रात मेहनत करेगी।
इस पैनल की ओर से अनिल चौहान अध्यक्ष, नरेंद्र मलिक वाइस प्रेसिडेंट, सुनीता शर्मा जनरल सेक्रेटरी, पूजा चौहान जॉइंट सेक्रेटरी, ओमपाल सिंह ट्रेजर, रिंकी चौहान एग्जीक्यूटिव मेंबर, आकांक्षा चुघ एग्जीक्यूटिव मेंबर, व सुशील कुमार एग्जीक्यूटिव मेंबर के पद पर चुनाव लड़ रहे हैं।