नोएडा। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), नोएडा शाखा द्वारा रविवार को सेक्टर-100 स्थित सेंचुरी अपार्टमेंट में उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को नकली और घटिया गुणवत्ता वाले उत्पादों से होने वाले खतरों के प्रति सतर्क करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत आरडब्ल्यूए अध्यक्ष पवन यादव ने की। बीआईएस नोएडा शाखा की वर्षा छाबड़िया ने उपस्थित लोगों को बताया कि जब भी हम कोई सामान खरीदते हैं, तो अक्सर हम केवल कम कीमत के लालच में बिना गुणवत्ता जांचे उसे खरीद लेते हैं। यह छोटी सी लापरवाही न केवल आर्थिक नुकसान देती है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरनाक हो सकती है।
उन्होंने कहा कि कोई भी उत्पाद खरीदते समय उस पर भारतीय मानक ब्यूरो (ISI मार्क) का चिन्ह जरूर देखना चाहिए। यह चिन्ह उस उत्पाद की गुणवत्ता और सुरक्षा की गारंटी देता है। भारत सरकार समय-समय पर उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहती है, ताकि जनता को नकली और असुरक्षित सामान से बचाया जा सके।
कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र नुक्कड़ नाटक रहा, जिसे बीआईएस टीम द्वारा प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से आम जनता को यह सिखाया गया कि कैसे एक साधारण उपभोक्ता जागरूकता से बड़े हादसों से बच सकता है।
कार्यक्रम में ए.डी. जोशी ने कहा, “आज तक हम भी बिना आईएसआई मार्क देखें सामान खरीदते रहे हैं, लेकिन अब से हम सिर्फ प्रमाणित सामान ही खरीदेंगे।”
इस मौके पर शेषनाथ गौतम, राजेन्द्र गोयल, कर्मजीत सिंह, रामकुमार चौहान, उम्मेद सिंह पंवार, नवीन, सुमित, भारत भूषण, गोपाल शर्मा, प्रशांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।