गोंडा। जनपद गोंडा में सड़क सुरक्षा, सफाई व्यवस्था और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपेक्षा के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह ने गंभीर चिंता जताई है। इसी क्रम में उन्होंने महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन जिलाधिकारी गोंडा के माध्यम से सौंपा, जिसमें जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर तुरंत कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि गोंडा जनपद के विभिन्न प्रमुख राजमार्गों और संपर्क मार्गों के किनारों पर बड़े पैमाने पर झाड़–झंखाड़ व अवांछित पौधे उग आए हैं। इससे जहां सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, वहीं यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। प्रदेश सचिव ने मांग की है कि संबंधित विभाग तुरंत इसकी सफाई कराए और नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करे। इसी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर कच्ची और क्षतिग्रस्त सड़कों की बदहाल स्थिति का भी मुद्दा उठाया गया। उन्होंने कहा कि इन सड़कों की खराब हालत के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम जनता को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसीलिए ग्राम पंचायत स्तर पर जल्द से जल्द सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराए जाएं। साथ ही सफाई व्यवस्था को लेकर भी गंभीर बात रखी गई। ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान प्रभावी ढंग से लागू नहीं हो पा रहा है। कई स्थानों पर कूड़ा जमा होने और गंदगी फैलने से संक्रमण और बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए ग्राम पंचायत अधिकारियों, विकास खंड प्रशासन तथा मनरेगा के तहत नियुक्त सफाई कर्मियों के माध्यम से नियमित और सख्त निगरानी के साथ सफाई कार्य कराए जाने की जरूरत है। प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह मुद्दे केवल विकास से जुड़े नहीं हैं बल्कि सीधे जनता की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा से संबंधित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन–प्रशासन इस ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए त्वरित और ठोस कदम उठाएगा।