नोएडा भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र यादव के नेतृत्व में सोमवार को नोएडा सेक्टर-19 स्थित नगर मैजिस्ट्रेट कार्यालय में बचत अधिकारी शलभ राठी को एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन देश में सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर बढ़ती अश्लीलता के विरोध में गृह मंत्री भारत सरकार को संबोधित था।राजेन्द्र यादव ने कहा कि भारत एक सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों वाला देश है, लेकिन वर्तमान समय में कुछ लोग निज स्वार्थ के चलते सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री परोस रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजकल बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई के लिए मोबाइल का प्रयोग कर रहे हैं और अनजाने में ऐसी सामग्री की चपेट में आ रहे हैं, जो उनके मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य के लिए घातक है।उन्होंने यह भी कहा कि पहले सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की सामग्री को अपलोड करने से पहले जांच की जाती थी, परंतु अब कोई मानक शेष नहीं रह गए हैं। लोग मात्र प्रसिद्धि या अधिक व्यूज पाने की चाह में ऐसी सामग्री पोस्ट कर रहे हैं, जिससे समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।भारतीय किसान संगठन ने मांग की कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर अपलोड की जाने वाली सभी सामग्री की पूर्व जांच सुनिश्चित की जाए। अश्लीलता फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। बच्चों एवं समाज की सुरक्षा के लिए कठोर दिशानिर्देश बनाए जाएं।राजेन्द्र यादव ने बताया कि संगठन देश भर में अश्लीलता के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएगा, ताकि समाज को इस गंभीर विषय पर जागरूक किया जा सके।इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें ऋषि, दीपू, पूरण, अजब सिंह चौहान, अशोक यादव, अनमोल, राहुल कसना, राजेश यादव, संदीप भाटी, जयवीर यादव, गुलाब शाह, मेहंदी खातून, अजमेर बेगम, सुरेन्द्र वशिष्ठ, रहीसुद्दीन, अनिल, शान प्रजापति आदि प्रमुख रहे।